साइबर ठगों से बचने के लिए पुलिस ने बताए सुरक्षा के तरीके
जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जयपुर पुलिस पश्चिम की ओर से वैशाली नगर स्थित खंडेलवाल वैश्य महाविद्यालय में साइबर सुरक्षा एवं वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और सीएलजी सदस्यों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि डीजीपी/आईजीपी पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिश संख्या 12 के तहत सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर गृह मंत्रालय से लेकर थाना स्तर तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 11 अगस्त को वैशाली नगर थाना क्षेत्र में कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सुझाव भी पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और वित्तीय धोखाधड़ी के नए तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए इनसे बचने के उपाय समझाए। लोगों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान व्यक्तियों के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं करने और ऑनलाइन लेनदेन में सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यशाला में पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए आमजन की जागरूकता के साथ पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं और बुजुर्गों को साइबर अपराधों के प्रति सजग करने के साथ पुलिस-जन सहभागिता को मजबूत करना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

