पुलिस लाइन जयपुर ग्रामीण में पुलिस शहीद दिवस पर दी वीर जवानों को श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस लाइन जयपुर ग्रामीण में पुलिस शहीद दिवस पर दी वीर जवानों को श्रद्धांजलि


पुलिस लाइन जयपुर ग्रामीण में पुलिस शहीद दिवस पर दी वीर जवानों को श्रद्धांजलि


जयपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। रिजर्व पुलिस लाइन जयपुर ग्रामीण में बुधवार को पुलिस शहीद दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस दौरान देश और समाज की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को नमन किया गया।

समारोह में शहीदों के सम्मान में सशस्त्र शोक सलामी दी गई और पुष्पचक्र अर्पित किए गए। पुलिस सम्मान गार्ड की ओर से तीन राउंड फायरिंग कर शोक सलामी दी गई तथा दिवंगत शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान राजस्थान सहित देश के सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अर्धसैनिक बलों के शहीद अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम, पदनाम और राज्य का ससम्मान वाचन किया गया। पुलिस लाइन परिसर में स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए गए। शहीदों के त्याग और बलिदान की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए परिसर में पौधारोपण किया गया।

समारोह के बाद जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश, जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) संदीप सारस्वत ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शाखा प्रभारियों और जवानों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं वर्तमान में चल रही चुनाव प्रक्रिया को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना करने तथा पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story