बिना हेलमेट वालों पर पुलिस का शिकंजा: पुलिस ने 97 हजार से अधिक काटे चालान

WhatsApp Channel Join Now
बिना हेलमेट वालों पर पुलिस का शिकंजा: पुलिस ने 97 हजार से अधिक काटे चालान


जयपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान पूरे प्रदेश में लगातार जारी है। 'बिना हेलमेट नहीं सफर' अभियान के तहत महज पांच दिनों में प्रदेशभर में 97,954 चालान एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण एवं यातायात) अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की जानकारी देते हुए अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि 2 से 6 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 'बिना हेलमेट नहीं सफर', चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य तथा आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन जैसे संदेशों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

डॉ. मीणा ने बताया कि प्रदेशभर में चलाए गए अभियान के दौरान 19,901 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह 15 दिवसीय विशेष अभियान 16 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में जारी रहेगा। पुलिस ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story