जयपुर में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने की छापेमारी: 8 लाख से अधिक के पटाखे जब्त
जयपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर जयपुर पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने एयरपोर्ट और जामडोली थाना क्षेत्रों में दबिश देकर तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 7 से 8 लाख रुपए कीमत के 19 कार्टन पटाखे और लगभग 30 हजार रुपए के 27 अलग-अलग प्रकार के पटाखे जब्त किए गए हैं।
डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट थाना पुलिस ने जगतपुरा में एसबीआई बैंक के सामने संचालित भारत पटाखा शॉप पर छापा मारा। जांच में दुकान संचालक आकाश शर्मा (23) बिना वैध लाइसेंस के आबादी क्षेत्र में पटाखों का भंडारण और बिक्री करता मिला। पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांड के पटाखों से भरे 19 कार्टन जब्त कर सील किए। इनकी अनुमानित कीमत 7 से 8 लाख रुपए बताई गई है। जिस पर एयरपोर्ट थानाधिकारी विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपित आकाश शर्मा, निवासी आगरा रोड को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपित से पटाखों की खरीद तथा आपूर्ति के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है।
इसी अभियान के तहत जामडोली थाना पुलिस ने आगरा रोड स्थित पालड़ी मीणा में विनायक चैंबर के पास दुकानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने बिना स्थाई या अस्थाई लाइसेंस पटाखे बेचते हुए मनोज कुमार (31) निवासी पालड़ी मीणा और बिजेन्द्र कुमार बड़गूजर (47) निवासी पालड़ी मीणा को पकड़ा। दोनों दुकानों से करीब 30 हजार रुपये कीमत के 27 अलग-अलग लेबल के पटाखे जब्त किए गए।
जामडोली थानाधिकारी रतन सिंह कविया ने बताया कि गठित टीमों को विजयपुरा, सुमेल, पुरानी चुंगी और मीना पालड़ी क्षेत्र में दुकानों के लाइसेंस जांचने के निर्देश दिए गए थे। 5 नवंबर को की गई कार्रवाई में दोनों दुकानदार बिना अनुज्ञापत्र पटाखे बेचते मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

