राजस्थान पुलिस ने 30 हजार से अधिक ब्लैक फिल्म वाले वाहन पकड़े

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान पुलिस ने 30 हजार से अधिक ब्लैक फिल्म वाले वाहन पकड़े


जयपुर, 13 जून (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजस्थान पुलिस ने राज्यभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 9 दिनों में 79,195 प्रवर्तन कार्रवाइयां की हैं।

पुलिस महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण एवं यातायात) अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में 4 जून से 12 जून 2026 तक यह अभियान संचालित किया गया।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा वाहनों पर अनधिकृत शब्दों और चिन्हों के उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

इस अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म के खिलाफ की गई। पुलिस ने 30,644 वाहनों पर काली फिल्म पाए जाने पर कार्रवाई की। इसके अलावा 20,462 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह, 10,820 मामलों में अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 7,634 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 5,406 वाहनों पर अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर और हूटर तथा 4,229 प्रेशर और एयर हॉर्न के मामलों में चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की गई।

इस विशेष अभियान के तहत 12 जून को ही पूरे प्रदेश में 8,460 प्रवर्तन कार्रवाइयां की गईं। इनमें 3,193 ब्लैक फिल्म, 2,250 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,086 अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 844 अवैध वाहन संरचना परिवर्तन, 616 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 471 प्रेशर और एयर हॉर्न के मामले शामिल रहे।

12 जून को हुई कार्रवाई में जयपुर पश्चिम 490 मामलों के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद अजमेर में 385, जयपुर यातायात में 367, चित्तौड़गढ़ में 349, सवाई माधोपुर में 325, भीलवाड़ा में 320 और कोटा शहर में 302 मामलों में कार्रवाई की गई। इन जिलों में सड़क सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखी गई।

महानिदेशक पुलिस (यातायात) अनिल पालीवाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि ब्लैक फिल्म, अवैध मॉडिफिकेशन, प्रेशर हॉर्न और फर्जी नंबर प्लेट जैसे उल्लंघन न केवल कानून के खिलाफ हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों को भी बढ़ावा देते हैं।

राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से मोटर वाहन अधिनियम एवं यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story