यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर पुलिस का वज्रपात

WhatsApp Channel Join Now
यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर पुलिस का वज्रपात


जयपुर, 24 जून (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजस्थान पुलिस की ओर से पूरे प्रदेश में मोटरयान अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध व्यापक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा पुलिस महानिदेशक यातायात अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में 4 जून से 23 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में राज्यभर में रिकॉर्ड स्तर पर 1.58 लाख से अधिक प्रवर्तन कार्रवाई की गई है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन की संरचना में अवैध परिवर्तन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट जैसे गंभीर उल्लंघनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। 20 दिनों में कुल 1,58,517 प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर शिकंजा कसा गया।

विशेष अभियान के आंकड़ों के अनुसार 4 जून से 23 जून तक 58,965 वाहनों पर ब्लैक फिल्म, 40,367 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 22,269 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 16,190 अवैध बॉडी/चेचिस परिवर्तन, 12,224 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 8,502 प्रेशर एवं एयर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की गई। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि सड़क सुरक्षा को प्रभावित करने वाले उल्लंघनों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार प्रभावी और व्यापक रही है।

अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में 7,416 कार्रवाई की गई। इनमें 2,617 ब्लैक फिल्म, 1,743 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,032 अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 987 अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 680 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती और हूटर तथा 357 प्रेशर हॉर्न के मामलों में चालान एवं नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अगर जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जयपुर कमिश्नरेट के चारों जिलों पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण व यातायात को मिलाकर कुल 807 कार्रवाई की गईं, जिसमें जयपुर पश्चिम में सर्वाधिक 465 चालान हुए। वहीं, जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में भी 306 वाहनों पर कार्रवाई हुई। लेकिन जयपुर से इतर जिलों की बात करें, तो जालोर जिला 829 कार्यवाहियों के साथ पूरे प्रदेश में नंबर वन पर रहा, जबकि अजमेर जिला 710 कार्यवाहियों के साथ दूसरे पायदान पर रहा। पश्चिमी राजस्थान के पाली जिले में 365 और बालोतरा में 328 वाहनों के चालान काटे

एडीजी डॉ मीणा ने बताया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन संचालित करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के साथ प्रदेशभर में प्रवर्तन और जन जागरूकता दोनों स्तरों पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story