पीएम विश्वकर्मा लाभार्थी भी भरेंगे ई-कॉमर्स की उड़ान
जोधपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जोधपुर में एमएसएमई विकास कार्यालय जयपुर के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों, महिलाओं एवं युवाओं को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत उपलब्ध कौशल प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, टूलकिट प्रोत्साहन, डिजिटल सशक्तिकरण, विपणन सहायता एवं स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया, कौशल उन्नयन, उद्यमिता विकास, डिजिटल साक्षरता एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुडऩे के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर एमएसएमई विकास कार्यालय जयपुर के सहायक निदेशक तरुण भटनागर ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के विभिन्न प्रावधानों, लाभों एवं स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लाभार्थियों को डिजिटल माध्यमों एवं ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए भी प्रेरित किया। जीता राम चौधरी ने राजस्थान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। एलडीएम श्याम पुरोहित ने वित्तीय सहायता, ऋण योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई।
क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार ने फ्लिपकार्ट एवं वॉलमार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर व्यवसाय स्थापित करने एवं बिक्री बढ़ाने के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। जयवर्धन सिंह ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की विभिन्न वित्तीय सेवाओं एवं डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में नरेंद्र कुमार गौड़ द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। मंच संचालन मोहम्मद सलीम द्वारा किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

