प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को लाभार्थी से नेतृत्वकर्ता बनाने का किया काम: राखी राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को लाभार्थी से नेतृत्वकर्ता बनाने का किया काम: राखी राठौड़


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राखी राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया है। महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर नेतृत्वकर्ता एवं नीति निर्माता बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया है। महिला सशक्तीकरण के लिए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक तीनों स्तरों पर मजबूत आधार तैयार किया गया है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले महिलाओं की दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जन-धन खाता योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास एवं हर घर जल जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को उन मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा गया, जिनसे आजादी के दशकों बाद भी देश की महिलाएं वंचित थीं। इन योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सुविधा, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का काम किया है।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राखी राठौड़ ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू आर्थिक आत्मनिर्भरता है। मुद्रा योजना, स्वरोजगार, जन-धन खाते एवं लखपति दीदी जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया गया है। आज देश में साढ़े तीन करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। राजस्थान में भी अब तक 20 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और 25 लाख महिलाओं को इसके लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है। ड्रोन दीदी, सोलर दीदी एवं लखपति दीदी जैसी पहलें महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बना रही हैं। महिला कार्यबल में भागीदारी वर्ष 2017-18 में लगभग 12-13 प्रतिशत से बढ़कर अब 44 प्रतिशत हो गई है। यह महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक भागीदारी में बढ़ते बदलाव को दर्शाता है। अब राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी ठोस प्रयास होने चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण का अगला चरण राजनीतिक भागीदारी एवं नीति निर्माण में उनकी भूमिका सुनिश्चित करना है। महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ लेने वाला वर्ग नहीं, बल्कि देश की नीतियां बनाने वाला नेतृत्वकर्ता बनाना आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण का आधार तैयार करने के बाद महिलाओं को राजनीतिक अधिकार एवं प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राखी राठौड़ ने प्रियंका गांधी के 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना तैयारी और मजबूत आधार के महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारना महिला सशक्तीकरण नहीं, बल्कि महिलाओं को जग हंसाई का पात्र बनाना है। भाजपा ने संगठन से लेकर सत्ता तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का काम निरंतर किया है। उन्होंने प्रियंका गांधी पर तंज कंसते हुए कहा कि आज वे विरोध कर रही है, महिला आरक्षण बिल पारित होने के बाद उन्हें भाई की छोड़ी हुई सीट पर जाकर चुनाव नहीं लड़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं को मोदी आरक्षण देकर सशक्त बनाने का कार्य कर रहे है तो दूसरी ओर राहुल गांधी गुस्से में दिखाई दे रहे है। उन्होंने राहुल गांधी पर सवाल दागते हुए कहा कि वे बताएं कि गुस्से में क्यों है? उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं को हमेशा सम्मान देने की सांस्कृतिक परंपरा रही है। ब्रिटेन एवं दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों में महिला सांसदों की भागीदारी के उदाहरण बताते हुए राठौड़ ने कहा हैं कि भारत में भी महिलाओं को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story