पीएम सम्मान निधि : राज्य के 66 लाख से अधिक किसानों को मिले 1 हजार 335 करोड़ रुपये
जयपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में विभिन्न लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ कार्य राष्ट्र को समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 24वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे अंतरित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के कल्याण और उनके सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। जिसके फलस्वरूप वर्ष 2013-14 के तुलना में कृषि बजट 5 गुना से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि गत 12 वर्षों में केंद्र सरकार की नीतियों से 50 लाख करोड़ रुपये किसानों को मिले या उनकी बचत हुई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत साढ़े 4 लाख करोड़ रुपये छोटे किसानों के खाते में जा चुके है। वहीं, वैश्विक अनिश्चितता के कारण खाद्य की कीमतें बढ़ी पर इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। खाद्य की सुगम उपलब्धता के लिए 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए।
अन्नदाताओं की खुशहाली से ही देश की समृद्धि - मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अन्नदाताओं की खुशहाली से ही देश की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। इसी संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी कर देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की। इसका लाभ राजस्थान के 66 लाख 59 हजार से अधिक किसान परिवारों को भी मिला है, जिनके खातों में 1,335 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में प्रारंभ हुई पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत प्रदेश के किसानों को 23 किस्तों में 29 हजार 99 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। वहीं, देशभर के किसानों को 4 लाख 47 हजार करोड़ रुपये की सम्मान निधि हस्तांतरित की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप

