आयुर्वेद विवि में छात्र-छात्राओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
आयुर्वेद विवि में छात्र-छात्राओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ


जोधपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के परिसर में राष्ट्रीय शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल के मार्गदर्शन में तथा नशा मुक्त भारत अभियान की राज्य समन्वयक एवं नशामुक्ति इकाई की प्रभारी प्रो. रितु कपूर के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के बीएएमएस, एमडी, बीएचएमएस, बीएनवाईएस एवं बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों तथा अन्य उपस्थितजनों ने सहभागिता की। इसी क्रम में विश्वविद्यालय से संबद्ध पांच सैटेलाइट केन्द्रों पर संचालित नशामुक्ति इकाइयों में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके माध्यम से नशामुक्ति का संदेश विश्वविद्यालय परिसर से बाहर विभिन्न समुदायों एवं युवाओं तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने, नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि में संलिप्त न होने तथा नशे की समस्या से प्रभावित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आने की शपथ ली। प्रतिभागियों ने नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए तीन-चरणीय दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डीन फैकल्टी आयुर्वेद प्रो. महेंद्र कुमार शर्मा, बीएससी नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. राजाराम अग्रवाल, होम्योपैथी के प्राचार्य प्रभारी गौरी शर्मा, बीएनवाईएस के प्राचार्य डॉ. चंद्रभान शर्मा, अस्पताल अधीक्षक डॉ. ए. नीलिमा रेड्डी, उप कुलसचिव डॉ. मनोज अदलक्खा तथा प्रभारी अधिकारी मीडिया डॉ दिनेश चंद्र शर्मा सहित विश्वविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story