सरकारी स्कूल में ऑफिस की छत का गिरा प्लास्टर, हादसे में दो शिक्षक गम्भीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी स्कूल में ऑफिस की छत का गिरा प्लास्टर, हादसे में दो शिक्षक गम्भीर घायल


डूंगरपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के वरदा थाना क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मारगिया महूड़ा में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। विद्यालय कार्यालय की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर जाने से वहां मौजूद दो शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्कूल स्टाफ ने मलबे को हटाकर दोनों घायल शिक्षकों को बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। स्कूल के कार्यालय में शिक्षिका शिल्पा कुमारी रोत और शिक्षक राजकुमार बुनकर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का निपटारा कर रहे थे। इसी दौरान छत का प्लास्टर अचानक टूटकर उनके ऊपर आ गिरा, जिससे दोनों मलबे के नीचे दब गए और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसे में शिक्षिका शिल्पा कुमारी के पैर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शिक्षक राजकुमार बुनकर के सिर और गर्दन पर गहरी चोट लगी है। प्लास्टर गिरने की तेज आवाज सुनकर स्कूल में मौजूद कुक कम हेल्पर कमला रोत, लता रोत और महिपाल रोत तुरंत कार्यालय की तरफ दौड़े और मुस्तैदी दिखाते हुए मलबा हटाकर दोनों शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय आंतरी के पीईईओ प्रभारी सुमेर सिंह राठौड़ और प्रवेश जैन तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल आंतरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों शिक्षकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।

इस हादसे के बाद से विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में गहरा आक्रोश और चिंता व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि स्कूल भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, कमजोर हिस्सों को दुरुस्त व मरम्मत करवाई जाए ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस जर्जर भवन की सुध नहीं ली गई, तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story