रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम लगाएं एक पौधा: 29 अगस्त से शुरू होगा विशेष अभियान

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम लगाएं एक पौधा: 29 अगस्त से शुरू होगा विशेष अभियान


जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पावन पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से वन विभाग राजस्थान की ओर से ‘रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम पौधारोपण कार्यक्रम’ आयोजित किया जाएगा। विशेष अभियान 29 अगस्त से 3 सितंबर तक चलेगा। अभियान के तहत प्रदेशवासियों से भाई या बहन के नाम एक पौधा लगाने और उसके नियमित संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की गई है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हॉप) अरिजीत बनर्जी ने कहा कि भाई-बहन के नाम लगाया गया पौधा प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक होने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का अनमोल उपहार साबित होगा। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार भाई-बहन के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लेता है तो सामूहिक रूप से यह पहल राजस्थान को हराभरा बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

वन विभाग के अनुसार अभियान के दौरान भाई-बहन के नाम लगाए गए पौधों और उनकी देखभाल के संकल्प को राज्य सरकार के हरियालो ऐप और केंद्र सरकार के मेरी लाइफ पोर्टल पर अपलोड किया जा सकेगा। अधिक संख्या में पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेकर पोर्टल पर दर्ज करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित भी किया जाएगा।

वन विभाग ने प्रदेशवासियों से रक्षाबंधन पर ‘भाई-बहन के नाम एक पेड़’ लगाकर इस रिश्ते की भावनाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने और राजस्थान को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने में योगदान देने का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story