सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का भौतिक सत्यापन 15 जून तक
जोधपुर, 05 जून (हि.स.)। राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अपात्र लाभार्थियों की पहचान के उद्देश्य से वर्ष 2026 के लिए विशेष वार्षिक सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का भौतिक सत्यापन 15 जून तक पूर्ण किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए पेंशन स्वीकृतिकरण अधिकारियों द्वारा विभागीय मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से भी लाभार्थियों का सत्यापन किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल व्यास ने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 3 लाख 40 हजार 84 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी हैं। इनमें से 3 लाख 11 हजार 605 पेंशनधारियों का सत्यापन कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष 28 हजार 479 पेंशनधारियों का सत्यापन आगामी दिनों में विशेष अभियान चलाकर कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि असत्यापित पेंशनधारियों के जनाधार अथवा आधार संबंधी आंकड़ों में त्रुटियों के कारण सत्यापन में कठिनाइयां आ रही हैं। ऐसे मामलों में संबंधित अभिलेखों को अद्यतन कर सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। इसके लिए लाभार्थियों से जनाधार एवं आधार विवरण सही एवं अद्यतन रखने का आग्रह किया गया है।
साथ ही यह भी आवश्यक है कि परिवार के सभी सदस्यों तथा लाभार्थी की वार्षिक आय का विवरण जनाधार में दर्ज हो। पेंशनधारियों का मोबाइल नंबर तथा बैंक खाते की जानकारी भी जनाधार में अपडेट होना अनिवार्य है, ताकि पेंशन संबंधी सेवाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

