काशी की कला प्रदर्शनी में चमकी जोधपुर के मनोज बोहरा की तस्वीर

WhatsApp Channel Join Now
काशी की कला प्रदर्शनी में चमकी जोधपुर के मनोज बोहरा की तस्वीर


जाेधपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। संस्कृति संसद के तहत गंगा महासभा द्वारा वाराणसी में आयोजित कला एवं छायाचित्र प्रदर्शनी में राजस्थान में जोधपुर के ख्यातनाम छायाकार मनोज बोहरा का छायाचित्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। अखिल भारतीय संत समिति, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्रीकाशी विद्वत परिषद के मार्गदर्शन में आयोजित इस आयोजन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित चित्रकारों एवं छायाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं।

अंतरराष्ट्रीय छायाचित्र प्रदर्शनी के संयोजक विनय रावल ने बताया कि 3 से 5 नवंबर तक रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर स्थित कला दीर्घा में आयोजित इस प्रदर्शनी में मनोज बोहरा द्वारा खींचा गया काशी के घाट पर गंगा में जलक्रीड़ा करते बच्चों का जीवंत छायाचित्र प्रदर्शित किया गया। इस तस्वीर में काशी की जीवंत संस्कृति का मनोहारी चित्रण देखने को मिला। छायाचित्र के माध्यम से बोहरा ने काशी के आध्यात्मिक परिवेश और सांस्कृतिक जीवन को बेहद खूबसूरती से कैमरे में उतारा है।

मनोज बोहरा मुख्य रूप से डॉक्यूमेंट्री, हेरिटेज, साधु-संतों और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े विषयों की फोटोग्राफी के लिए जाने जाते हैं। उनकी फोटोग्राफी में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत के विविध रंगों की प्रभावशाली झलक देखने को मिलती है। इससे पूर्व भी उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा, गंगा महासभा के अध्यक्ष स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती तथा मंत्री गोविंद शर्मा ने विधिवत रूप से शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में सात देशों एवं भारत के 13 राज्यों के 35 छायाकारों के छायाचित्र प्रदर्शित किए गए।

जोधपुर के छायाकार मनोज बोहरा की इस उपलब्धि से राजस्थान की कला एवं फोटोग्राफी जगत को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story