पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, किसी प्रकार की कमी नहीं : मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, किसी प्रकार की कमी नहीं : मुख्य सचिव


जयपुर, 02 जून (हि.स.)। राजस्थान में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है तथा आमजन को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यह बात मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को प्रदेशभर के पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में कही।

बैठक में राज्य में ईंधन और रसोई गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की जमीनी स्थिति की जानकारी लेना तथा पेट्रोल पंप संचालकों से सीधे संवाद कर फीडबैक प्राप्त करना था। बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव अम्बरीष कुमार, पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक (साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं) विजय कुमार सिंह तथा अतिरिक्त खाद्य आयुक्त पूनम सागर भी मौजूद रहे।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों के पेट्रोल पंप डीलरों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति साझा की।

अधिकांश डीलरों ने बताया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारु बनी हुई है। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है तथा ईंधन वितरण में कहीं भी बाधा नहीं है।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने डीलरों से कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और तेल कंपनियों को समन्वय बनाकर आपूर्ति व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में सरकारी तेल विपणन कंपनियों एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के कार्यकारी निदेशक सहित निजी तेल कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

इस दौरान प्रदेश में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था के साथ-साथ घरेलू उपभोक्ताओं के बीच पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शनों के विस्तार की भी समीक्षा की गई।

तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी बुकिंग के तीन दिन के भीतर की जा रही है। कंपनियों के अनुसार मार्च और अप्रैल की तुलना में 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री में लगभग 250 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव अम्बरीष कुमार ने बैठक में बताया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

बैठक में यह भी साफ किया गया कि प्रदेश में ईंधन और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि राज्य में सभी आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story