नए शराब ठेके के विरोध में फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
अजमेर, 12 मई (हि.स.)। अजमेर के नसीराबाद रोड स्थित आदर्शनगर क्षेत्र में खुल रहे नए शराब ठेके के विरोध में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर उतरकर रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने शराब ठेका खोलने के फैसले का विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों का कहना था कि रिहायशी इलाके में शराब ठेका खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा तथा युवाओं पर इसका गलत प्रभाव पड़ेगा। लोगों ने आरोप लगाया कि पहले से ही इलाके में शराब बिक्री को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं, ऐसे में नया ठेका खोलना क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा साबित हो सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर प्रशासन से शराब ठेका निरस्त करने की मांग की। रास्ता जाम होने से कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाइश कर शांत कराया।
आदर्श नगर थानाधिकारी के अनुसार प्रदर्शनकारियों को उनकी मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। मामले में सुनवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

