विवाह समारोह से लौट रहे परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
विवाह समारोह से लौट रहे परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग की आशंका


विवाह समारोह से लौट रहे परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग की आशंका


चित्तौड़गढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। चित्तौड़गढ़ जिले में बुधवार देर रात एक बड़ा मामला सामने आया, जहां शादी समारोह से लौट रहे करीब 30 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी लोग उदयपुर एक विवाह समारोह मे भाग लेकर बड़ी सादड़ी की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक-एक कर लोगों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट जैसी शिकायतें होने लगीं।

हालत बिगड़ने पर सभी को तत्काल मंगलवाड़ राजकीय चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई। सभी मरीज बड़ी सादड़ी क्षेत्र के जालौदा गांव के निवासी हैं।

चिकित्सालय में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। समय पर उपचार मिलने से सभी की हालत में तेजी से सुधार हुआ और कुछ घंटों बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना भीषण गर्मी के चलते भोजन खराब होने या दूषित खाद्य पदार्थ के सेवन से हुई फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है। इन दिनों क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान के कारण खाद्य पदार्थ जल्दी खराब हो रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

फिलहाल सभी मरीज सुरक्षित हैं और किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से गर्मी के मौसम में बाहर का खाना खाने से बचने और ताजा एवं स्वच्छ भोजन ही ग्रहण करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story