कथित अवैध वसूली के आरोप में प्रहलादपुरा ग्राम पंचायत का पटवारी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
कथित अवैध वसूली के आरोप में प्रहलादपुरा ग्राम पंचायत का पटवारी निलंबित


जोधपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। बालेसर में चामू पंचायत समिति की प्रहलादपुरा ग्राम पंचायत के पटवारी दिनेश जाणी को निलंबित कर दिया गया है। ग्रामीणों से कथित अवैध वसूली का वीडियो सामने आने के सात दिन बाद उपखंड अधिकारी ने यह कार्रवाई की। निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय बालेसर उपखंड कार्यालय रहेगा।

दरअसल यह वीडियो गत तीस जनवरी को वायरल हुआ था। इसमें पटवारी बनियान पहने एक कमरे में बैठे दिख रहे हैं, जबकि उनके पास बैठे कुछ लोग हाथ में कागज लिए रुपए इकट्ठा करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो एक-दो साल पुराना बताया जा रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद, बालेसर उपखंड अधिकारी भवानी सिंह चारण ने 31 जनवरी को पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। पटवारी द्वारा दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। वीडियो को देखते हुए, उपखंड अधिकारी भवानी सिंह चारण ने अब पटवारी दिनेश जाणी को राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण नियंत्रण और अपील) नियम 1958 के नियम 13 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

पटवारी दिनेश जाणी ने इस संबंध में बताया कि यह वीडियो करीब दो साल पुराना है। उनके अनुसार, प्रहलादपुरा ग्राम पंचायत में एक गौशाला है जिसकी चारदीवारी नहीं है। गौशाला के पंजीकरण और चारदीवारी निर्माण के लिए ग्रामीण गौवंश के लिए पैसे एकत्रित कर रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story