श्री रामचन्द्र जी मंदिर का पाटोत्सव: रजवाड़ी श्रृंगार और भव्य आरतियों के साथ सजेगा श्री राम दरबार
जयपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। चांदपोल बाजार स्थित श्री रामचंद्र जी मंदिर का 141 वां स्थापना दिवस (पाटोत्सव) 21 अप्रैल मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। वैशाख शुक्ल पंचमी के अवसर पर प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला यह उत्सव मंदिर स्थापना (संवत 1885) की परंपरा का प्रतीक है। मंदिर के 140 वर्ष पूर्ण होने पर इस बार विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
मंदिर महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 6 बजे मंगला आरती के साथ होगी, जिसके साथ ही भक्तों के मनोरथ आरंभ हो जाएंगे। सुबह 8 बजे ठाकुर जी का श्रृंगार, 9:30 बजे श्रृंगार आरती तथा 11 बजे से श्री राम दरबार का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक में 101 किलो गाय के दूध सहित दही, घी, शहद, बुरा, चंदन, केसर, गुलाब जल, मोगरा जल, केवड़ा जल और फलों के रस से विधिवत स्नान कराया जाएगा। षोडश पूजन के साथ यह अनुष्ठान संपन्न होगा।
दोपहर 12:30 बजे के बाद ठाकुर जी का भव्य रजवाड़ी श्रृंगार किया जाएगा, जिसमें स्वर्ण ताज, रत्न जड़ित आभूषण और राजसी तलवार धारण कराई जाएगी। वहीं श्री सीता जी को भी पारंपरिक राजसी आभूषणों से सजाया जाएगा। दोपहर 2:30 बजे स्थापना दिवस की मुख्य आरती और शाम 7 बजे संध्या आरती का आयोजन होगा, जिसमें 51 हवाई गर्जना के साथ हजारों श्रद्धालु एक साथ आरती करेंगे।
पूरे दिन मंदिर परिसर में बधाई गान और भक्ति कार्यक्रम चलते रहेंगे। आरती के बाद मंदिर भक्त समाज और जीन माता भक्त मंडल द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे।
महंत तिवाड़ी ने बताया कि यह आयोजन पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। 25 अप्रैल को जानकी नवमी के अवसर पर माता सीता का जन्मोत्सव भी रामनवमी की तर्ज पर धूमधाम से मनाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

