जिला कलक्टर ने शिवराम नत्थुराम टाक अस्पताल का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जिला कलक्टर ने शिवराम नत्थुराम टाक अस्पताल का किया निरीक्षण


जोधपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने शुक्रवार को श्री शिवराम नत्थुरामजी टाक राजकीय जिला अस्पताल का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा अस्पताल की विभिन्न इकाइयों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सा अधिकारियों को मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुगम, त्वरित एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर का निरीक्षण किया और वहां मौजूद मरीजों से संवाद कर पंजीकरण प्रक्रिया एवं उन्हें आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं त्वरित बनाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी एवं प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि पंजीकरण, ओपीडी, जांच सुविधाओं एवं अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से सूचना बोर्ड्स पर प्रदर्शित की जाए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को संबंधित कक्ष अथवा सेवा की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके।

रंजन ने अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष का निरीक्षण कर वहां ऑक्सीजन सप्लाई, साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा वेंटिलेटर सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपातकालीन सेवाओं में आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों। जिला कलक्टर ने इमरजेंसी में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से भी संवाद किया और अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि मरीजों को आवश्यक उपचार एवं जानकारी समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए।

ओटी, ओपीडी, सीटी स्कैन एवं डायलिसिस वार्ड का निरीक्षण

रंजन ने रिकवरी रूम, ऑपरेशन थिएटर कक्ष, जनरल ओपीडी, सीटी स्कैन रूम तथा डायलिसिस वार्ड सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं कार्मिकों को चिकित्सा सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिला कलक्टर ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर रिकॉर्ड रजिस्टर की जांच की तथा अस्पताल में संधारित किए जा रहे अभिलेखों की जानकारी ली।

उन्होंने सभी आवश्यक रिकॉर्ड को ऑनलाइन संधारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रिकॉर्ड प्रबंधन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं त्वरित बनाया जाए। जिला कलक्टर ने प्रसूता वार्ड एवं शिशु रोग वार्ड का भी निरीक्षण किया और वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर सुरेंद्र सिंह परिहार सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story