रिटायरिंग रूम में यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ी
कोटा, 09 अगस्त (हि.स.)। कोटा रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों की सजगता और त्वरित कार्रवाई से रिटायरिंग रूम में अचानक अस्वस्थ हुए एक यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। रविवार को गाड़ी संख्या 13237 पटना-कोटा एक्सप्रेस से 11.45 बजे लखनऊ से कोटा पहुंचे 66 वर्षीय यात्री रामजनम चौबे ने कोटा स्टेशन पर रिटायरिंग रूम बुक किया था। रिटायरिंग रूम में ठहरने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर गए।
घटना की जानकारी मिलते ही रिटायरिंग रूम अटेंडेंट ने बिना समय गंवाए वाणिज्य नियंत्रण कक्ष, कोटा को सूचना दी। वाणिज्य नियंत्रण कक्ष ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करते हुए उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य ) विकास कुमार गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक, कोटा तथा रेलवे अस्पताल, कोटा को जानकारी दी। साथ ही, यात्री के लिए तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यात्री की स्थिति की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ ने प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। उप स्टेशन अधीक्षक विकास कुमार गुप्ता स्वयं तत्काल मौके पर पहुंचे और यात्री की स्थिति का जायजा लिया। यात्री की जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों की जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद कोटा में रहने वाले उनके रिश्तेदार का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे तत्काल संपर्क किया गया और उन्हें स्टेशन पहुंचने की सूचना दी गई।
इसी दौरान स्टेशन कर्मचारियों की मदद से यात्री को सुरक्षित रूप से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। यात्री के रिश्तेदार भी कुछ ही समय में कोटा स्टेशन पहुंच गए। इसके बाद यात्री को उनके रिश्तेदार के साथ आगे की चिकित्सा सहायता के लिए एमबीएस अस्पताल ले जाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

