विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रदर्शनी में दिखा 1947 का दर्द

WhatsApp Channel Join Now
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रदर्शनी में दिखा 1947 का दर्द


धौलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर दो दिवसीय प्रदर्शनी का गुरुवार को सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में आगाज हुआ। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि आजादी के लिए देशवासियों को भारी कीमत चुकानी पड़ी थी। विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का उद्देश्य किसी पुराने जख्म को कुरेदना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को यह बताना है कि आजादी की हमें कितनी भारी कीमत चुकानी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हर भारतीय के दिल में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का संकल्प है। हर नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराना चाहिए। भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कहा कि इस प्रर्दशनी का उद्देश्य विभाजन की त्रासदी से जुड़ी यादों को सहेजना और युवा पीढ़ी को इसके ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराना है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शिवचरण कुशवाया, भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा, पूर्व विधायक सुखराम कोली, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बबली राम जाट तथा सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राजकुमार मीना,मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश मंगल,जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुक्खोदेवी रावत एवं अपर जिला शिक्षा अधिकारी पप्पू सिंह सिकरवार सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्रा और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन के समय की घटनाओं को विस्तार से जाना। प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़ी कई दुर्लभ तस्वीरें थीं। इसमें विस्थापन करते लोग तथा उनका दर्द बयां करते चेहरे भी नजर आए। प्रदर्शनी में ऐतिहासिक घटनाओं के दुर्लभ अभिलेख भी प्रदर्शनी में दिखाए गए हैं। आज ही डीओआईटी में विभाजन की त्रासदी से जुड़ी तस्वीरों एवं घटनाक्रम पर आधारित लघु फिल्म स्कूली बच्चों को दिखाई गई। बच्चों ने पूरे मनोयोग के साथ फिल्म का अवलोकन किया और विभाजन के समय उत्पन्न परिस्थितियों, लोगों के विस्थापन तथा उस दौर में झेली गई कठिनाइयों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story