पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों को सौंपे मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश
जोधपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान जन सेवा ही प्रभु सेवा के तहत शुक्रवार को पंचायती राज जनप्रतिनिधि सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का राज्य स्तरीय आयोजन जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण तथा जिला स्तरीय कार्यक्रम जनकवि गणेशीलाल व्यास उस्ताद मिनी ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों से संवाद किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर आलोक रंजन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपत सुथार, उपमहापौर विजय सिंह पंवार, भाजपा के देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी, बीडीओ लूणी कंवर लाल सोनी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच प्रशासक उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपमहापौर विजय सिंह पंवार एवं त्रिभुवन सिंह भाटी ने जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की ओर से प्रेषित बधाई संदेश प्रदान कर उनका सम्मान किया। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने तथा जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। भाटी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण इकाई हैं। जनप्रतिनिधि स्थानीय आवश्यकताओं और आमजन की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विकास एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएं। उन्होंने पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षा विभाग के भरत वैष्णव ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

