पंचायतीराज आम चुनाव के द्वितीय चरण के मतदान के लिए मतदान दल रवाना
जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायती राज चुनाव के द्वितीय चरण के तहत जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों एवं जिला परिषद के वार्डों में 28 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार सुबह श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर से मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के उपरांत ईवीएम एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद दल अपने संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बताया कि मतदान दलों एवं मतदाताओं की सुविधाओं के लिए सभी मतदान केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत की निर्बाध आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित किया गया है।
द्वितीय चरण में अमरसर, आमेर, जालसू, रामपुरा डाबड़ी एवं शाहपुरा पंचायत समितियों के 81 वार्डों तथा जिला परिषद के वार्ड संख्या 11 से 14 एवं 51 से 57 में मतदान होगा। इन क्षेत्रों में कुल 413 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। द्वितीय चरण में कुल 3 लाख 78 हजार 364 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 97 हजार 323 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 40 महिला तथा एक अन्य मतदाता शामिल हैं। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए बुधवार, 28 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा।
द्वितीय चरण में अमरसर पंचायत समिति के 77, आमेर के 113, जालसू के 81, रामपुरा डाबड़ी के 78 तथा शाहपुरा के 63 मतदान दल निर्धारित चेक पोस्ट पर उपस्थिति दर्ज करवाते हुए अपने गंतव्य मतदान केंद्रों पर पहुंचे। रामपुरा डाबड़ी में एक सहायक मतदान दल भी रवाना हुआ। मतदान दलों ने निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार संबंधित चेक पोस्ट पर उपस्थिति दर्ज करवाकर अपने गंतव्य स्थलों की ओर प्रस्थान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

