पंचायतराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के मतदान के लिए मतदान दल रवाना

WhatsApp Channel Join Now
पंचायतराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के मतदान के लिए मतदान दल रवाना


पंचायतराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के मतदान के लिए मतदान दल रवाना


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। पंचायतराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों एवं जिला परिषद के वार्डों में 14 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के उपरांत ईवीएम एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई। मतदान दलों की रवानगी के लिए वाहन पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मतदान दलों एवं मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत की निर्बाध आपूर्ति एवं सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि चतुर्थ चरण के तहत जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी के मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार रवाना हुए। पंचायत समिति क्षेत्र बस्सी के 145, तूंगा के 74, जमवारामगढ़ के 129 तथा आंधी के 98 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना किए गए। इस प्रकार चतुर्थ चरण में कुल 446 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल अपने निर्धारित गंतव्य स्थलों की ओर रवाना हुए।

उन्होंने बताया कि चतुर्थ चरण में पंचायत समिति बस्सी की 42, तूंगा की 24, जमवारामगढ़ की 42 तथा आंधी की 32 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। इस प्रकार चारों पंचायत समितियों की कुल 140 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी।

चतुर्थ चरण के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार, 14 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद रविवार, 15 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। सोमवार, 16 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान के पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी तथा मंगलवार, 17 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मतदान के उपरांत ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776309 Articles

Share this story