पंचायत राज चुनाव में निकाय चुनाव की जीत दोहराएगी भाजपा: मदन राठौड़
जयपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में एक लाख 55 हजार से अधिक जनप्रतिनिधियों के निर्वाचन को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि जिस तरह हाल ही में हुए निकाय चुनाव में पार्टी को जनता का समर्थन मिला, उसी प्रकार पंचायती राज चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।
राठौड़ ने कहा कि पिछले 31 माह में कांग्रेस शासन से मुक्ति के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार ने ग्रामीण विकास को नई गति दी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पिछले चुनाव की तुलना में इस बार 20 प्रतिशत से अधिक जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाई है। चुनावी तैयारियों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह प्रभारी कुलजीत चहल व कविता पाटीदार तथा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न जिलों का प्रवास कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक उसके सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा कार्यकर्ताओं के परिश्रम के आधार पर पार्टी जनता का विश्वास हासिल करेगी।
राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनाव में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई और उनके फीडबैक के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया। इसी रणनीति के अनुरूप पंचायती राज चुनाव में भी प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास और पंचायती राज के सशक्तीकरण के लिए डबल इंजन सरकार के साथ पंचायती राज का तीसरा इंजन जोड़ने का लक्ष्य है, ताकि गांवों में किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण एवं उत्थान को गति मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

