पंचायत चुनाव: पहले चरण का प्रचार थमा, 22 अक्टूबर को 797 केंद्रों पर मतदान

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत चुनाव: पहले चरण का प्रचार थमा, 22 अक्टूबर को 797 केंद्रों पर मतदान


जयपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में प्रथम चरण के मतदान को लेकर चुनाव प्रचार थम गया है। अब गुरुवार, 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।

प्रथम चरण में जिला परिषद के 22 वार्डों और आठ पंचायत समितियों के 146 वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसके लिए कुल 797 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने मंगलवार को भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में संबंधित आठ पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारियों और निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों के साथ मतदान व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मतदान दलों की रवानगी, निर्वाचन सामग्री और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को प्रथम चरण की निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचन कार्मिक चुनाव कार्य को राष्ट्रीय महत्व का कार्य मानते हुए पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ संपादित करें। मतदान से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने मतदान के बाद ईवीएम का संग्रहण संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर करने और वहां से उन्हें सुरक्षित रूप से श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

प्रथम चरण में जयपुर जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से 10 और वार्ड संख्या 15 से 26 तक मतदान होगा। इसके साथ ही गोविंदगढ़, चौमूं, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, झोटवाड़ा, सांभरलेक, दूदू और मौजमाबाद पंचायत समितियों के 146 वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदान केंद्र पर मतदाताओं को जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य के लिए अलग-अलग मतदान करना होगा। इसके लिए दो अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें रखी जाएंगी। मतदाता एक मशीन पर जिला परिषद सदस्य और दूसरी मशीन पर पंचायत समिति वार्ड सदस्य के लिए अपना वोट डालेंगे।

प्रथम चरण के तहत आने वाली ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद शनिवार, 24 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं, उपसरपंच पद के लिए रविवार, 25 अक्टूबर को चुनाव निर्धारित है।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764060 Articles

Share this story