कहीं ईवीएम ने रोकी रफ्तार तो कहीं बहिष्कार, ड्यूटी के दौरान दो कर्मचारियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कहीं ईवीएम ने रोकी रफ्तार तो कहीं बहिष्कार, ड्यूटी के दौरान दो कर्मचारियों की मौत


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के गांवों में शनिवार सुबह लोकतंत्र का उत्सव शुरू हुआ। पंचायतराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में कहीं ईवीएम की खराबी ने मतदाताओं का इंतजार बढ़ाया तो कहीं ग्रामीणों ने मतदान से दूरी बनाकर अपनी नाराजगी जताई। 25 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान जारी है। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से कतारें लगी हैं, जबकि कुछ बूथों पर तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रभावित हुआ। इसी बीच बूंदी और धौलपुर में चुनाव ड्यूटी पर तैनात दो कर्मचारियों की हार्टअटैक से मौत की खबर ने चुनावी माहौल को गमगीन कर दिया।

सुबह 11 बजे तक हनुमानगढ़ की संगरिया पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 22.41 प्रतिशत मतदान हुआ। प्रतापगढ़ पंचायत समिति में भी 22.30 प्रतिशत वोट पड़े। इसके मुकाबले ब्यावर की बदनौर पंचायत समिति में सबसे कम 8.12 प्रतिशत मतदान हुआ। श्रीगंगानगर के सादुलशहर में 21.48 प्रतिशत, हनुमानगढ़ टाउन में 20.75, टिब्बी में 20.58 और रावतसर में 20.13 प्रतिशत मतदान हुआ। जयपुर के जमवारामगढ़ में 20.31 प्रतिशत वोट पड़े।

टोंक के निवाई क्षेत्र की तुर्किया ग्राम पंचायत के बूथ नंबर 151 और 152 पर सुबह से ईवीएम खराब रही। सुबह 10 बजे तक यहां एक भी वोट नहीं डाला जा सका। मशीन ठीक होने में देरी के कारण मतदाताओं में नाराजगी दिखाई दी। प्रशासन ने दोनों बूथों पर मतदान का समय चार घंटे बढ़ाकर रात 10 बजे तक कर दिया है।

सवाई माधोपुर के छारौदा ग्राम पंचायत में भी ईवीएम खराब होने से करीब एक घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। बांसवाड़ा के भापोर बूथ पर करीब 15 मिनट तक मतदान रुका। टोंक के दाखिया में भी ईवीएम के बटन में परेशानी की शिकायत सामने आई।

बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र में मूंडक्या और मूंडकी गांवों के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीण अंधेरी सिंचाई परियोजना से प्रभावित गांवों का दोबारा सर्वे कराने और दोनों गांवों को डूब क्षेत्र में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीण मतदान केंद्रों पर नहीं पहुंचे। एसडीएम और डीएसपी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे।

जैसलमेर की रणधा ग्राम पंचायत में भी शुरुआत में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। यहां निजी कंपनी को सोलर प्लांट के लिए 2 हजार बीघा जमीन आवंटित करने के विरोध में ग्रामीणों ने बूथ संख्या 78 और 79 पर मतदान नहीं किया। प्रशासन की समझाइश के बाद बाद में मतदान शुरू हो गया।

भोजराज की ढाणी के एक बूथ पर भी ग्रामीणों ने मतदान से दूरी बनाई। यहां ओबीसी आरक्षण को लेकर नाराजगी बताई गई है। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए कोई प्रत्याशी नामांकन दाखिल नहीं करने से यह चुनाव भी चर्चा में रहा।

बूंदी के हिंडौली पंचायत समिति क्षेत्र के खींया मतदान केंद्र पर चुनाव ड्यूटी में तैनात शिक्षक एवं पीटीआई बबलू लाल गुर्जर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं धौलपुर के सरमथुरा थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल भगवान स्वरूप मीणा की भी चुनाव ड्यूटी के दौरान हार्टअटैक से मौत हो गई। शुक्रवार रात करीब 11 बजे थाना परिसर स्थित क्वार्टर में खाना खाने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी। साथी पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल ले गए, जहां से करौली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

चौथे चरण में श्रीगंगानगर चुनावी मुकाबले के लिहाज से सबसे बड़ा जिला है। यहां करीब 8.67 लाख मतदाता हैं और 30 जिला परिषद वार्डों में चुनाव हो रहा है। जिला परिषद सदस्य पद के लिए 101 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं 164 पंचायत समिति वार्डों में 553 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

सुबह के समय कई इलाकों में ठंड का असर भी मतदान केंद्रों पर नजर आया। श्रीगंगानगर में 95 वर्षीय गोविंद लाल सलूजा ने मतदान कर युवाओं को भी लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दिया। वहीं खैरथल-तिजारा के हरसोली में सुबह से महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

प्रतापगढ़ सहित कुछ जिलों में शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। इसके बावजूद दिन चढ़ने के साथ मतदाताओं की संख्या बढ़ती गई। चौथे चरण की वोटिंग के साथ ही राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के मतदान का अंतिम दौर चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776849 Articles

Share this story