जोधपुर में पहली बार होगा पैन-रूमेटोलॉजी एसोसिएशन सम्मेलन

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर में पहली बार होगा पैन-रूमेटोलॉजी एसोसिएशन सम्मेलन


जोधपुर, 21 मई (हि.स.)। राजस्थान के प्रमुख चिकित्सा शैक्षणिक आयोजनों में शामिल एवं प्रदेश का सबसे बड़ा पैन-रूमेटोलॉजी एसोसिएशन सम्मेलन आरआरएसीओएन 2026 आगामी 23 एवं 24 मई को वेलकम होटल बाय आईटीसी जोधपुर में आयोजित किया जाएगा। जयपुर में आयोजित दो सफल सम्मेलनों के बाद इस बार पहली बार इस प्रतिष्ठित सम्मेलन का आयोजन जोधपुर में हो रहा है, जिसे लेकर चिकित्सा जगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन रूमेटोलॉजी एवं ऑटोइम्यून रोगों के क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं पोस्टग्रेजुएट विद्यार्थियों को एक साझा शैक्षणिक मंच प्रदान करेगा। सम्मेलन में देशभर के विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ विशेषज्ञ, युवा चिकित्सक एवं शोधकर्ता भाग लेंगे। सम्मेलन का आयोजन डॉ. अशोक रामदेव के संरक्षण में किया जा रहा है, जबकि डॉ. अरविंद जैन सम्मेलन चेयरपर्सन की भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन सचिव डॉ. मनोज कुमार हैं।

सम्मेलन की वैज्ञानिक समिति का नेतृत्व डॉ. आधार धूरिया एवं डॉ. अविनाश जैन (जयपुर) कर रहे हैं। दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान वेस्कुलाइटिस, ल्यूपस नेफ्राइटिस, बेहचेट डिजीज, इंफ्लेमेटरी आर्थराइटिस, एंटीफॉस्फोलिपिड सिंड्रोम, सिस्टमिक स्क्लेरोसिस एवं आधुनिक बायोलॉजिक उपचारों जैसे विषयों पर वैज्ञानिक चर्चाएं, विशेषज्ञ पैनल डिस्कशन, क्लिनिकल केस प्रेजेंटेशन एवं शैक्षणिक डिबेट आयोजित किए जाएंगे।

देशभर से आएंगे विशेषज्ञ

सम्मेलन का मुख्य आकर्षण देश के वरिष्ठ रूमेटोलॉजिस्ट डॉ. रोहिणी हांडा (नई दिल्ली) का की-नोट व्याख्यान होगा। वे ऑटोइम्यून रोगों के निदान में आने वाली जटिलताओं, चिकित्सकीय निर्णय प्रक्रिया एवं आधुनिक रूमेटोलॉजी के बदलते स्वरूप पर अपने विचार साझा करेंगे।

सम्मेलन में इंडियन रूमेटोलॉजी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमन शर्मा (चंडीगढ़) भी भाग लेंगे। वे रूमेटोलॉजी में उभरते उपचारों एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर व्याख्यान देंगे। इसके अतिरिक्त डॉ. बनवारी शर्मा (जयपुर), डॉ. रेणु सैगल (जयपुर), डॉ. सपन पंड्या (अहमदाबाद) तथा एसजीपीजीआई लखनऊ से डॉ. विकास अग्रवाल भी विभिन्न वैज्ञानिक सत्रों में विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। सम्मेलन में आधुनिक तकनीक एवं चिकित्सा के समन्वय पर भी विशेष फोकस रखा गया है।

आईआईटी जयपुर के प्रोफेसर सुमित कालरा चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका, प्रारंभिक निदान एवं रोगों की भविष्यवाणी में उसकी उपयोगिता पर विशेष व्याख्यान देंगे। दक्षिण भारत से भी कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञ सम्मेलन में शामिल होंगे। कोच्चि, केरल के प्रसिद्ध रूमेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मनाभ शेनॉय सिस्टमिक स्क्लेरोसिस एवं उससे संबंधित फेफड़ों की जटिलताओं के आधुनिक उपचारों पर चर्चा करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story