फालना में पटाखों से कॉस्मेटिक्स दुकान में लगी भीषण आग, पार्षद दंपती की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फालना में पटाखों से कॉस्मेटिक्स दुकान में लगी भीषण आग, पार्षद दंपती की मौत


पाली, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले के फालना में रविवार रात पटाखों की चिंगारी से लगी भीषण आग में कांग्रेस की महिला पार्षद और उनके पति की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की दो और दुकानें भी चपेट में आ गईं। हादसे में खुडाला-फालना नगर पालिका के वार्ड 23 की पार्षद ऊषा पूनमिया (68) की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनके पति प्रकाश पूनमिया (70) दुकान के अंदर जिंदा जल गए। दोनों को बचाने के प्रयास में प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया (73) भी गंभीर रूप से झुलस गए।

फालना थाना प्रभारी पन्नालाल के अनुसार घटना रविवार रात स्वर्ण मंदिर के पास हुई। सड़क पर कुछ लोग पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी दुकान के बाहर बिक्री के लिए रखे पटाखों पर जा गिरी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग लगने के बाद ऊषा पूनमिया घबराकर दुकान के बेसमेंट में चली गईं। कुछ ही देर में बेसमेंट धुएं से भर गया, जिससे उनका दम घुट गया। वहीं, पत्नी को बचाने के प्रयास में प्रकाश दुकान के अंदर चले गए, लेकिन आग की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। आग पर रात करीब 2 बजे तक काबू पाया जा सका। दुकानों में रखा सामान काफी गर्म होने के कारण अंदर जाना मुश्किल था।

दोनों शव सोमवार सुबह करीब 5 बजे रेस्क्यू के दौरान बेसमेंट से निकाले गए। स्थानीय लोगों के अनुसार आग बुझाने के दौरान बेसमेंट में पानी भर गया था और पार्षद का शव उसी में डूबा हुआ मिला।

प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया आग बुझाने और दोनों को बचाने की कोशिश में करीब 65 प्रतिशत झुलस गए। उनका चेहरा बुरी तरह जल गया है। उन्हें पहले पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग की चपेट में आई तीनों दुकानें दोनों भाइयों की ही थीं। इनमें कॉस्मेटिक्स, प्लास्टिक सामान और रेडियो-बैटरी की दुकानें शामिल हैं। दो दुकानें प्रकाश और एक दुकान उनके बड़े भाई गौतम की बताई गई है। क्षेत्र में ये दुकानें काफी पुरानी हैं और बाजार का इलाका भीड़भाड़ वाला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774345 Articles

Share this story