मानव की गलतियों से बढ़ रही गर्मी और पर्यावरण संकट : मदन दिलावर

WhatsApp Channel Join Now
मानव की गलतियों से बढ़ रही गर्मी और पर्यावरण संकट : मदन दिलावर


पाली, 24 मई (हि.स.)। राजस्थान में लगातार बढ़ती गर्मी और पर्यावरण असंतुलन को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने चिंता जताते हुए कहा कि आज तापमान बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह मानव की गलतियां हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक एजेंसी के सर्वे में दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में भारत के 97 शहर शामिल पाए गए हैं और इसके लिए कहीं न कहीं हम स्वयं जिम्मेदार हैं।

शिक्षा मंत्री रविवार को पाली शहर के गोल निम्बड़ा स्थित शनिधाम में आयोजित प्रतिभावान सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के मामले में समाज काफी पीछे रह गया है और यही कारण है कि राजस्थान में गर्मी लगातार बढ़ रही है तथा वर्षा का स्तर घटता जा रहा है।

मदन दिलावर ने कहा कि राजस्थान में प्रति व्यक्ति 472 पेड़ों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में प्रति व्यक्ति केवल 25 पेड़ ही उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर बड़े स्तर पर पेड़ों की कटाई की गई, लेकिन उनकी भरपाई नहीं की गई। इसका सीधा असर पर्यावरण, वर्षा चक्र और जल स्रोतों पर पड़ा है। उन्होंने विभिन्न देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि कनाडा में प्रति व्यक्ति 10 हजार से अधिक पेड़ हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया में करीब 6 हजार और अफ्रीका में लगभग 3 हजार पेड़ प्रति व्यक्ति उपलब्ध हैं। इसके विपरीत भारत और विशेष रूप से राजस्थान की स्थिति चिंताजनक है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि पेड़ों की कमी के कारण भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है और जमीन की नमी कम होने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

समारोह में उन्होंने प्लास्टिक और पॉलिथीन के उपयोग पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन केवल पर्यावरण ही नहीं, बल्कि पशुओं और इंसानों के लिए भी बेहद घातक है। सड़कों पर फेंकी गई प्लास्टिक थैलियां खाने से बड़ी संख्या में गायों की मौत हो रही है। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन नालियों में पहुंचने से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है और इसे जलाने पर जहरीली गैस वातावरण में फैलती है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने लोगों से पॉलिथीन का उपयोग बंद करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्लास्टिक का उपयोग गौमाता को कष्ट पहुंचाने जैसा है।

मदन दिलावर ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी मेरिट में स्थान हासिल कर रहे हैं, जो शिक्षा व्यवस्था में सुधार का संकेत है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने भी राजस्थान की शिक्षा प्रणाली में हुए सकारात्मक बदलावों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 65 लाख बच्चों की मेडिकल जांच करवाई गई है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों पर समान रूप से ध्यान दिया जा सके।

शिक्षा मंत्री ने सामाजिक समरसता पर भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देशहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब देश प्रगति करेगा तभी समाज और व्यक्ति भी आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने भगवान श्रीराम और शबरी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव समानता और समरसता का संदेश देती रही है।

शनिधाम में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं समाज के लोगों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधु, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और स्वच्छता को लेकर भी जागरूकता का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story