नगरीय निकाय चुनाव में मतदान दिवस पर कर्मचारियों को मिलेगा सवैतनिक अवकाश
जयपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। नगरीय निकाय चुनाव के तहत जयपुर जिले में मतदान दिवस के अवसर पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में कार्यरत एवं मतदाता के रूप में पंजीकृत कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) ने बताया कि द्वितीय चरण में 11 सितम्बर 2026 (शुक्रवार) को नगर निगम जयपुर के निर्वाचन क्षेत्र में मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश रहेगा।
उन्होंने बताया कि जयपुर जिले के ऐसे कार्मिक जो उपर्युक्त नगरीय निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, लेकिन अपने कामकाज के सिलसिले में अन्य स्थानों पर नियोजित हैं, उन्हें भी मतदान दिवस पर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। यह व्यवस्था संबंधित मतदाताओं को मतदान के अवसर से वंचित न होने देने के उद्देश्य से की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों एवं प्रतिष्ठानों को आदेश की समुचित पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में यह व्यवस्था की गई है, ताकि मतदान दिवस पर पात्र कर्मचारी अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सकें।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित नियोक्ताओं एवं संस्थानों से अपील की है कि मतदान दिवस पर पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार सवैतनिक अवकाश प्रदान करते हुए आदेश की पालना सुनिश्चित करें, ऐसा नहीं करने पर संबंधित नियोक्ताओं एवं संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नगर निगम चुनाव में मतदान के दौरान मतदाता को भारत निर्वाचन आयोग का फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अभाव में चुनाव की घोषणा से पूर्व जारी 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज दिखाकर पहचान स्थापित की जा सकेगी।
इनमें आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, फोटोयुक्त बैंक/डाकघर पासबुक, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सरकारी/पीएसयू कर्मचारियों का फोटो पहचान पत्र, सांसद/विधायक पहचान पत्र और यूडीआईडी कार्ड शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मतदाताओं से मतदान के समय इनमें से कोई एक मान्य दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

