दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ओवरस्पीड कार ने तीन को कुचला

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ओवरस्पीड कार ने तीन को कुचला


दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ओवरस्पीड कार ने तीन को कुचला


जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार ने पंक्चर कार के पास खड़े तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में दिल्ली की 26 वर्षीय इवेंट मैनेजर मनीषा गुप्ता, अजमेर निवासी कैब ड्राइवर आजाद और अलवर के शीतल गांव निवासी एनएचएआई कर्मचारी जगमोहन (25) की मौत हो गई। हादसा लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में गुर्जर खोरा पुलिया के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार मनीषा गुप्ता और आसमा बुधवार रात करीब 11 बजे दिल्ली से जयपुर के लिए कैब से रवाना हुई थीं। गुर्जर खोरा पुलिया के पास कैब का टायर पंक्चर हो गया। कैब चालक आजाद ने एनएचएआई की हेल्पलाइन पर मदद मांगी। कुछ देर बाद एनएचएआई कर्मचारी जगमोहन अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। जगमोहन मनीषा से जानकारी ले रहे थे, जबकि आजाद टायर बदल रहा था।

इसी दौरान दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार में आई हेक्टर कार ने पहले मनीषा और जगमोहन को टक्कर मारी और फिर टायर बदल रहे आजाद को कुचलते हुए आगे निकल गई। कुछ दूरी पर कार एक्सप्रेस-वे के किनारे पलट गई।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों शव बड़ौदामेव सीएचसी की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। हादसे में एनएचएआई की मदद के लिए पहुंची गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है।

लक्ष्मणगढ़ थाने के सब इंस्पेक्टर हरिमन ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हेक्टर कार से मिले दस्तावेज के आधार पर आरोपित चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775682 Articles

Share this story