गणपति पंडाल में तलवार-पिस्टल लहराने के आरोप से आक्रोश, रामपुरा बाजार बंद

WhatsApp Channel Join Now
गणपति पंडाल में तलवार-पिस्टल लहराने के आरोप से आक्रोश, रामपुरा बाजार बंद


कोटा, 19 सितंबर (हि.स.)। रामपुरा स्थित नगर सेठ गणपति पंडाल में शनिवार देर रात हुए हंगामे के बाद रविवार को व्यापारियों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। पंडाल में एक व्यक्ति द्वारा तलवार और पिस्टल दिखाकर दहशत फैलाने के आरोप के विरोध में रामपुरा बाजार बंद रहा। व्यापारियों और गणपति सेवा समिति के पदाधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उसका जुलूस निकालने की मांग भी उठाई।

गणपति सेवा समिति के अनुसार सम्राट पाटोन नामक व्यक्ति परिवार के साथ गणपति पंडाल में आया था। समिति का आरोप है कि वह नशे की हालत में था और कई बार मंच पर चढ़ा। रात करीब डेढ़ बजे वह दोबारा पंडाल में पहुंचा। आरोप है कि उस समय उसके हाथ में तलवार और पिस्टल थी। उसने तलवार लहराई और पिस्टल दिखाकर धमकी दी, जिससे पंडाल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

समिति अध्यक्ष विशाल साहू ने आरोप लगाया कि आरोपी ने नगर सेठ को पहनाए गए आभूषण और करीब 50 हजार रुपए नकद ले जाने का प्रयास भी किया। घटना के बाद समिति पदाधिकारियों ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष मिश्रा मौके पर पहुंचे और समिति पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से बातचीत कर समझाइश की। समिति की ओर से जान से मारने की धमकी और लूट के प्रयास से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है। समिति का कहना है कि पुलिस ने फिलहाल सामान्य धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिससे व्यापारियों में नाराजगी है।

कार्रवाई तक धरना, नहीं होगी नगर सेठ की आरती

होलसेल व्यापार महासंघ हाड़ौती संभाग के अध्यक्ष पंकज बागड़ी के नेतृत्व में व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर विरोध जताया। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजन में इस तरह की घटना से लोगों में भय का माहौल बना है और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। समिति ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा। साथ ही नगर सेठ की आरती नहीं करने का भी निर्णय लिया गया है।

अब पुलिस के सामने पूरे घटनाक्रम की जांच कर आरोपों की सच्चाई सामने लाने की चुनौती है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह जांच करेगी कि तलवार और पिस्टल दिखाने तथा आभूषण व नकदी ले जाने के प्रयास के आरोपों में कितनी सच्चाई है। जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story