बेकाबू रोडवेज बस ने चार वाहनों को मारी टक्कर
जयपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में सीकर रोड स्थित खेतान चौराहे के पास बेकाबू रोडवेज बस ने दो कार, एक स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बेटे के साथ जा रही तुलसी देवी (49) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा धीरेंद्र सैनी और स्कूटी सवार महेश चौधरी घायल हो गए। स्कूटी सवार के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया कि श्रीमाधोपुर से जयपुर आ रही रोडवेज बस ने खेतान चौराहे के पास कट पर खड़ी नीली कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से कार अनियंत्रित हो गई और पास में खड़ी बाइक को चपेट में ले लिया। बाइक पर मुरलीपुरा की भगत की ढाणी निवासी तुलसी देवी अपने बेटे धीरेंद्र के साथ सवार थीं। दोनों सड़क पर गिर गए और कार का पहिया तुलसी देवी के ऊपर से निकल गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के दौरान बस ने एक अन्य कार और स्कूटी को भी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बस के अगले पहिए के नीचे फंस गई। स्कूटी सवार महेश चौधरी घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया। लोगों ने बस चालक राकेश कुमार (30) निवासी श्रीमाधोपुर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया कि पूछताछ में चालक ने ब्रेक के नीचे ईंट लगे होने और इसकी जानकारी नहीं होने की बात कही। उसका कहना है कि इस कारण बस के ब्रेक नहीं लग पाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर हादसे की जांच कर रही है। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार रात चालक को गिरफ्तार कर लिया।
इस हादसे में शामिल बस के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन के 13 चालान लंबित हैं, जिनमें कुल 92 हजार रुपए का जुर्माना बताया गया है। इनमें शाहजहांपुर टोल से बिना परमिट गुजरने के सात चालान शामिल हैं, जो जनवरी में काटे गए थे। प्रत्येक चालान 10 हजार रुपए का था। इसके अलावा तेज गति के तीन और प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं होने तथा नो पार्किंग से जुड़े तीन चालान भी लंबित हैं। पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों कार, बाइक और स्कूटी को थाने पहुंचा कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

