सागवाड़ा बायपास पर मौत बनकर दौड़ा डंपर, मां-बेटी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सागवाड़ा बायपास पर मौत बनकर दौड़ा डंपर, मां-बेटी की मौत


डूंगरपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। सागवाड़ा बायपास पर गलियाकोट पुल के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। हादसे के समय घर में पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। डंपर की भीषण टक्कर से मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया और परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि हादसा देर रात करीब 12 बजे हुआ। गलियाकोट पुल के पास एक तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। उस समय घर में सो रहे परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दब गए। हादसे में 45 वर्षीय सुशीला मनात और उनकी 15 वर्षीय बेटी राधिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुशीला के पति विनोद मनात और बेटा मनोज मनात गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सागवाड़ा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सागवाड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। वहीं मां-बेटी के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है तथा चालक को डिटेन कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story