श्री ओसवाल डागा बंधु महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन 3-4 अक्टूबर को बीकानेर में

WhatsApp Channel Join Now
श्री ओसवाल डागा बंधु महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन 3-4 अक्टूबर को बीकानेर में


बीकानेर, 24 सितंबर (हि.स.)। श्री ओसवाल डागा बंधु महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन 3 एवं 4 अक्टूबर को बीकानेर के गंगाशहर स्थित हंशा गेस्ट हाउस में आयोजित होगा। अधिवेशन में देश के विभिन्न शहरों और राज्यों में निवासरत डागा परिवारों के प्रतिनिधि एवं सदस्य शामिल होंगे।

महासंघ के पदाधिकारियों के अनुसार अधिवेशन का उद्देश्य देशभर के डागा परिवारों को साझा मंच पर लाकर आपसी संपर्क, सहयोग और संगठन को मजबूत करना है। इसमें पारिवारिक, व्यापारिक, शैक्षिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में परस्पर सहयोग बढ़ाने तथा संगठन के आगामी कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।

पदाधिकारियों ने बताया कि देश के विभिन्न शहरों और राज्यों में बड़ी संख्या में डागा परिवार निवासरत हैं, लेकिन कई परिवारों के संपर्क सूत्र संगठन के पास उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे परिवारों को संगठन से जोड़ने के लिए समाज के लोगों से अपने संपर्क क्षेत्रों में पहल करने का आह्वान किया गया है। महासंघ के अनुसार व्यापक संपर्क नेटवर्क तैयार होने से आवश्यकता के समय परिवारों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं बढ़ेंगी।

अधिवेशन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं और समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा। 15 या उससे अधिक की तपस्या पूर्ण करने वाले सदस्यों को तपस्वी सम्मान दिया जाएगा। वहीं कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा सिविल सेवा अथवा अन्य विशेष क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर समाज एवं डागा गोत्र का नाम गौरवान्वित करने वाले व्यक्तियों को डागा गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। महासंघ ने सम्मान के लिए पात्र व्यक्तियों की जानकारी 30 सितंबर तक उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

अधिवेशन की तैयारियों में अध्यक्ष हंसराज डागा, संरक्षक मिट्ठूलाल डागा, महामंत्री पारस डागा और राष्ट्रीय अधिवेशन संयोजक सुरेंद्र कुमार डागा सहित महासंघ के पदाधिकारी एवं सदस्य जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story