ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकली ‘वोट बारात’, ग्रामीणों को दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकली ‘वोट बारात’, ग्रामीणों को दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश


बीकानेर, 13 नवंबर (हि.स.)। पंचायत चुनाव-2026 में मतदाता जागरूकता और लोकतंत्र में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय के व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी (स्वीप) प्रकोष्ठ द्वारा शुक्रवार को ग्राम पंचायत पाँचू में अनूठी पहल करते हुए ‘वोट बारात’ का आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा और मतदान जागरूकता के नारों के बीच निकली इस बारात ने ग्रामीणों को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का संदेश दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन तथा स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

स्वीप सह प्रभारी एवं पीआरओ सुरेश बिश्नोई ने बताया कि पारंपरिक विवाह समारोह की तर्ज पर आयोजित वोट बारात में साफाधारी बाराती मतदान जागरूकता संबंधी स्लोगन लेकर शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों के साथ रवाना हुई यह बारात गांव के मुख्य बाजार और विभिन्न गलियों से होकर गुजरी। इस दौरान ग्रामीणों ने बारात का स्वागत किया और मतदान जागरूकता की इस अनूठी पहल की सराहना की।

विकास अधिकारी पाँचू कैलाश राम पंचारिया, स्वीप प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रशांत जोशी, सह-समन्वयक गोपाल जोशी ने विचार रखे।

कार्यक्रम के अंत में ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी नारायण उपाध्याय ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में स्वीप प्रकोष्ठ के अमरदीप गोदारा, प्रमोद शर्मा, घनश्याम भाखर, पंचायत शिक्षक मेघराज गर्ग, समाजसेवी हड़मान राम गोदारा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मघीदेवी, कमला मेघवाल, सरिता सिहाग, सरिता मेघवाल, शांति सिहाग सहित स्वीप प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story