अंगदान जागरूकता अभियान के तहत निकाली गई विशाल रैली

WhatsApp Channel Join Now
अंगदान जागरूकता अभियान के तहत निकाली गई विशाल रैली


अंगदान जागरूकता अभियान के तहत निकाली गई विशाल रैली


अजमेर, 20 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान सरकार के पीड़ित मानव जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित अंगदान महादान अभियान के तहत सोमवार को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय के नेतृत्व में अजमेर में अंगदान जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को मृत्यु उपरांत अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया।

रैली में मेडिकल कॉलेज के शिक्षक, चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, नर्सिंग विद्यार्थी, मेडिकल विद्यार्थी, रोटरी क्लब तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामारिया ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हजारों मरीज अंग प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा में हैं और किसी एक व्यक्ति का अंगदान कई लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज पिछले कई दिनों से विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अंगदान महादान जागरूकता अभियान चला रहा है। सोमवार को आयोजित रैली मेडिकल कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर बजरंगगढ़ चौराहे तक निकाली गई।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने आमजन को मरणोपरांत अंगदान के महत्व से अवगत कराया तथा अंगदान का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को अंगदान की शपथ भी दिलाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story