राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, तीन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, तीन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट


राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, तीन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट


जयपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शनिवार को धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 24 जिलों में यलो अलर्ट है। बंगाल की खाड़ी में बने नए निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है।

जयपुर में शुक्रवार सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। राजधानी के तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट आ गई और अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर हवाई अड्डे पर 12.3 मिलीमीटर और कलेक्ट्रेट पर 9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। बारिश के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।

सवाई माधोपुर के खंडार में सबसे ज्यादा 175 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं बारां, कोटा, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा और टोंक सहित कई जिलों में एक से तीन इंच तक बारिश हुई। लगातार बरसात से कई क्षेत्रों में नदी-नालों और झरनों में पानी की आवक बढ़ गई है।

झालावाड़ में कालीसिंध और छापी बांध के द्वार भी खोले गए हैं। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए झालावाड़ और करौली में शनिवार को विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

दौसा के बांदीकुई में भी करीब 15 दिन बाद बारिश का दौर लौटा। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक करीब 25 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे झालानी बगीची रेलवे फाटक क्षेत्र और बसवा रोड पर जलभराव हो गया। कोटपूतली में करीब 45 मिनट की मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया। सवाई माधोपुर में तेज बहाव के बीच एक रपट पर बाइक सवार बहते-बहते बचा।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आया निम्न दबाव क्षेत्र राजस्थान की पूर्वी सीमा पर सक्रिय है। मानसून द्रोणिका भी इस तंत्र से जुड़ी हुई है। इसके प्रभाव से 5 और 6 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस बीच पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बना हुआ है। शुक्रवार को श्रीगंगानगर 40.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं कोटा में बारिश के कारण अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री तक पहुंच गया। अजमेर में मानसून गतिविधियां कमजोर रहीं और सितंबर के शुरुआती चार दिनों में शहर में बारिश नहीं हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story