सतलाना में निर्माण कार्य से पांच ट्रेनों का संचालन प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
सतलाना में निर्माण कार्य से पांच ट्रेनों का संचालन प्रभावित


दो ट्रेनें आंशिक रद्द, जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी

जोधपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। लूनी-समदड़ी रेलखंड के सतलाना स्टेशन पर सबवे और पुल संख्या 4 के निर्माण कार्य के चलते जोधपुर मंडल की पांच ट्रेनों का संचालन आगामी दिनों में प्रभावित रहेगा। इनमें दो ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, एक ट्रेन देरी से रवाना होगी, जबकि जैसलमेर-साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते 27 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। इसके तहत ट्रेन संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी डेमू इन तीनों तिथियों में समदड़ी से भगत की कोठी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 14893 भगत की कोठी-पालनपुर एक्सप्रेस भी भगत की कोठी से समदड़ी के बीच नहीं चलेगी।

उक्त कारणों से ट्रेन संख्या 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर डेमू 27 अक्टूबर को निर्धारित समय से तीन घंटे और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को दो घंटे देरी से रवाना होगी। वहीं निर्माण कार्य के चलते ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस 27 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को निर्धारित लूनी-भीलड़ी-महेसाना मार्ग के बजाय लूनी-मारवाड़ जंक्शन-महेसाना मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन का ठहराव पाली मारवाड़,मारवाड़ जंक्शन,फालना,आबू रोड और पालनपुर स्टेशनों पर रहेगा।

वापसी में ट्रेन संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस भी इन तिथियों में निर्धारित महेसाना-भीलड़ी-लूनी मार्ग के बजाय महेसाना-मारवाड़ जंक्शन-लूनी मार्ग से चलेगी। यात्रियों को सलाह है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story