ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत अवैध गैस रिफिलिंग पर 35 सिलेंडर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत अवैध गैस रिफिलिंग पर 35 सिलेंडर जब्त


जयपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी,अवैध भंडारण और रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रवर्तन” के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। संयुक्त टीम ने सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 35 अवैध गैस सिलेंडर सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

इस अभियान के तहत जिला कलेक्टर संदेश नायक के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी, जयपुर प्रथम द्वारा विशेष प्रवर्तन दल का गठन किया गया। पुलिस थाना सांगानेर सदर से मिली सूचना के आधार पर प्रवर्तन दल ने गोविंदपुरा (बक्षावाला), शिकारपुरा रोड क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 35 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर जब्त की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यहां अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था।

जिला कलेक्टर संदेश नायकके अनुसार इस तरह के अवैध रिफिलिंग केंद्र शहर में होने वाली आगजनी और विस्फोट जैसी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकते हैं। बिना सुरक्षा मानकों के संचालित ये केंद्र आमजन के जीवन और संपत्ति के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। वहीं इस मामले में संलिप्त दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस थाना सांगानेर सदर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story