सतलाना स्टेशन पर तकनीकी कार्य, आठ ट्रेनों का संचालन प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
सतलाना स्टेशन पर तकनीकी कार्य, आठ ट्रेनों का संचालन प्रभावित


जोधपुर, 21 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के लूनी-समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर सतलाना स्टेशन में ब्रिज संख्या 4 एवं सब-वे निर्माण कार्य के लिए लिए जा रहे ब्लॉक के कारण आगामी दिनों में आठ ट्रेनों का चरणबद्ध संचालन प्रभावित रहेगा। इसके तहत कुछ ट्रेनें आंशिक रद्द, कुछ परिवर्तित मार्ग से तथा कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से संचालित की जाएंगी।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के संचालन में अस्थाई बदलाव किया गया है। उपरोक्त कारणों से ट्रेन संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी डेमू एक्सप्रेस 22 व 29 सितंबर तथा 27 व 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को बाड़मेर से प्रस्थान कर समदड़ी तक ही संचालित होगी। इस कारण यह ट्रेन समदड़ी-भगत की कोठी के बीच आंशिक रद्द रहेगी।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 14893 भगत की कोठी-पालनपुर डेमू एक्सप्रेस 22 व 29 सितंबर तथा 27 व 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को भगत की कोठी के बजाय समदड़ी से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन भगत की कोठी-समदड़ी के बीच आंशिक रद्द रहेगी। इधर ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस 22 व 29 सितंबर तथा 27 व 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को जैसलमेर से लूनी-मारवाड़ जंक्शन-महेसाना होकर परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबूरोड और पालनपुर स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी उक्त तिथियों में महेसाना-मारवाड़ जंक्शन-लूनी होकर संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग पर पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन और पाली मारवाड़ स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

तकनीकी कार्य के कारण ट्रेन संख्या 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर डेमू 22 व 27 सितंबर को भगत की कोठी से निर्धारित समय से 3 घंटे की देरी से तथा 30 अक्टूबर व 1 नवंबर को 2 घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी। ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस 21 सितंबर व 26 अक्टूबर को ऋषिकेश से निर्धारित समय से 2 घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना होगी। वहीं 29 व 31 अक्टूबर को यह ट्रेन 1 घंटे 30 मिनट की देरी से प्रस्थान करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story