स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाई, 35 एक्स्ट्रा डिब्बे भी जोड़े

WhatsApp Channel Join Now
स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाई, 35 एक्स्ट्रा डिब्बे भी जोड़े


जोधपुर, 27 मई (हि.स.)। गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेनों के संचालन में विस्तार के साथ अतिरिक्त सुविधाएं देने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जोधपुर-गोरखपुर समर स्पेशल ट्रेन गुरुवार शाम 4.15 बजे जोधपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ग्रीष्मावकाश के दौरान पर्यटन और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन, उनकी अवधि में विस्तार तथा विभिन्न ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के रैक में भी बड़ा परिवर्तन किया गया है। डीआरएम ने बताया कि ट्रेन संख्या 04829/04830 जोधपुर-गोरखपुर-जोधपुर साप्ताहिक समर स्पेशल के संचालन में ट्रिप वृद्धि के बाद अब यह ट्रेन 10 जुलाई तक जोधपुर से प्रत्येक गुरुवार तथा गोरखपुर से प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 04823/04824 जोधपुर-मऊ-जोधपुर साप्ताहिक समर स्पेशल अब 14 जुलाई तक जोधपुर से प्रत्येक रविवार तथा मऊ से प्रत्येक मंगलवार को रवाना होगी।

वहीं ट्रेन संख्या 05045/05046 लालकुआं-राजकोट-लालकुआं समर स्पेशल का संचालन भी बढ़ाया गया है। यह ट्रेन अब 13 जुलाई तक लालकुआं से प्रत्येक रविवार तथा राजकोट से प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। डीआरएम ने बताया कि विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ाने के साथ ही मंडल की 12 जोड़ी ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के कुल 35 अतिरिक्त डिब्बे 1 जून से लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story