संविधान संशोधनों पर पचास ऑनलाइन कार्यशालाओं का रिकॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
संविधान संशोधनों पर पचास ऑनलाइन कार्यशालाओं का रिकॉर्ड


जोधपुर, 31 मार्च (हि.स.)। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के अंबेडकर अध्ययन केन्द्र द्वारा संविधान संशोधनों पर पचासवीं ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन होते ही एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा लिया है। भारतीय संविधान में हुए सभी संशोधनों पर ऑनलाइन कार्यशाला का यह सिलसिला गत वर्ष 18 जून को शुरू हुआ था, जब अम्बेडकर अध्ययन केंद्र द्वारा संविधान के प्रथम संशोधन पर पहली ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन हुआ था। इसके बाद लगातार पचास कार्यशालाओं का आयोजन कर संविधान में हुए सभी 106 संशोधनों पर चर्चा कर विश्वविद्यालय के अंबेडकर अध्ययन केंद्र ने अनोखा रिकॉर्ड स्थापित कर दिया।

पचासवीं ऑनलाइन कार्यशाला के आयोजन पर राजस्थान विश्वविद्यालय के प्रो. अशोक शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बतलाया। उनके अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा भारतीय संविधान के संदर्भ में किए गए अनेक नवाचारों की शृंखला में यह भी एक कड़ी है। गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रो एम एम सेमवाल ने इसे संवैधानिक प्रबोधन की दिशा में नवाचार की संज्ञा दी।

समाज विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रो कान्ता कटारिया ने इसे विश्वविद्यालय का सामाजिक सरोकार कहा। उनके अनुसार यह अत्यंत कठिन और चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे केन्द्र ने प्रतिबद्धता और समर्पण भाव से पूरा किया। केंद्र के निदेशक डॉ. दिनेश गहलोत के अनुसार इन ऑनलाइन कार्यशालाओं में मूल संविधान, संविधान संशोधन के प्रावधान और वर्तमान संविधान के तहत तुलनात्मक विश्लेषण विधि का अनुसरण किया गया।

उनके अनुसार उच्चतम न्यायालय के विभिन्न निर्णयों, तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों और विभिन्न आयोगों के प्रतिवेदनों के साथ संबंध जोड़ते हुए इन संशोधनों पर चर्चा की गई। इस दौरान सक्रिय जुडऩे वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए। इन ऑनलाइन कार्यशालाओं में कई बार देशभर से विषय विशेषज्ञों को भी मार्गदर्शन जोड़ा गया। इनमें श्रीनगर, उत्तराखंड के प्रो. एमएम सेमवाल, जयपुर से प्रो. अशोक शर्मा, पश्चिम बंगाल की डॉ. तूलिका चक्रवर्ती, वनस्थली विद्यापीठ से डॉ. प्रियदर्शनी पुरोहित, उदयपुर से डॉ. वैशाली देवपुरा, डॉ. बालुदान बारहट, बाड़मेर से डॉ. केशाराम, राजस्थान विश्वविद्यालय से डॉ. सुमन मौर्य ने मार्गदर्शन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story