रमा एकादशी आराध्य गोविंद देवजी संग वैष्णव मंदिरों में सजेगी विशेष झांकी

WhatsApp Channel Join Now
रमा एकादशी आराध्य गोविंद देवजी संग वैष्णव मंदिरों में सजेगी विशेष झांकी


जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को रमा एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रमा एकादशी का व्रत रखने और विधि-विधान से भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करने से समस्त पापों का नाश होता है। इस दिन पूजा-अर्चना करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं तथा सुख-समृद्धि व खुशहाली की प्राप्ति होती है।

रमा एकादशी के अवसर पर जयपुर के आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर में सुबह मंगला झांकी के बाद ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात प्रभु को लाल रंग की नवीन पोशाक धारण कराकर गोचारण लीला के विशेष आभूषणों से सजाया जाएगा। इसके अलावा शहर के प्रमुख वैष्णव मंदिरों श्री राधा दामोदरजी, राधा गोपीनाथ जी, मदन गोपाल जी, सरस निकुंज, लाड़लीजी और ब्रज निधिजी मंदिर में भी एकादशी उत्सव की विशेष तैयारियां की गई हैं।

रमा एकादशी पर शहर के विभिन्न श्याम मंदिरों और स्थलों पर बाबा श्याम का गुणगान किया जाएगा। प्रचीन मंदिर कांवटियों का खुर्दा,रामगंज के खाटू श्याम मंदिर में विशेष आयोजन किया जाएगा। महंत लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में श्याम प्रभु का आकर्षक दरबार सजाया जाएगा और भजन संध्या आयोजित होगी। इस के साथ अग्रवाल फार्म,मानसरोवर में 'म्हारे घरां पधारो श्याम संस्था' की ओर से श्याम पार्क, 113 सेक्टर एकादशी सत्संग स्थल में शाम 7 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा।

आयोजक रतन कट्टा ने बताया कि इस दौरान बाबा श्याम को 56 भोग की झांकी सजाई जाएगी और अखंड ज्योत प्रज्वलित कर भव्य आतिशबाजी होगी। साथ ही 1100 दीपकों से बाबा की महाआरती उतारी जाएगी। कार्यक्रम में मुख्य कलाकार संजय सेन सूरजगढ़, कुमार नरेंद्र, गोपाल सेन, सागर शर्मा और नवीन शर्मा बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story