बीकानेर में इनर व्हील क्लब की ऑफिशियल विजिट, स्वास्थ्य व शिक्षा परियोजनाओं का शुभारंभ
बीकानेर, 22 फरवरी (हि.स.)। इनर व्हील क्लब की ऑफिशियल विजिट के तहत शनिवार को बीकानेर में स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। क्लब प्रेसिडेंट नीरू डोगरा ने बताया कि कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट 305 की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन बिंदु गुप्ता तथा भुज से आई डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रचना शाह उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत एस.डी.एम. राजकीय जिला अस्पताल (जस्सूसर गेट) स्थित सिटी डिस्पेंसरी के लेबर रूम में स्टेप स्क्रब सिंक के शुभारंभ से हुई। क्लब पदाधिकारियों के अनुसार फुट-प्रेस सिस्टम आधारित इस सुविधा से चिकित्सकों और स्टाफ को स्वच्छता के साथ पानी उपयोग करने में मदद मिलेगी।
इसके बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जेलवेल में क्लब द्वारा निर्मित बालिका शौचालय ब्लॉक का लोकार्पण किया गया। विद्यालय में पुस्तकालय की स्थापना, कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते और स्टेशनरी वितरण तथा “मेरी किताब” कार्यक्रम के तहत पुस्तकों का वितरण भी किया गया। विद्यालय को “हैप्पी स्कूल” का दर्जा प्रदान किया गया।
शाम को आयोजित एग्जीक्यूटिव मीटिंग में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन और डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी ने क्लब की गतिविधियों का फिजिकल फाइल के माध्यम से अवलोकन किया। इसके बाद रोटरी क्लब बीकानेर में आयोजित जनरल मीटिंग में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मूक-बधिर बच्चों ने नृत्य प्रस्तुति दी। क्लब सेक्रेटरी अर्चना मेहता ने वर्षभर की गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया।
डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन बिंदु गुप्ता ने कहा कि इनर व्हील एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जो महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए कार्य करती है। डिस्ट्रिक्ट 305 में राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश के 62 क्लब शामिल हैं, जिनकी विजिट कर कार्यों का मूल्यांकन किया जाता है। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीनेशन अभियान पर जोर देते हुए बताया कि एसोसिएशन के माध्यम से डोज सब्सिडी दर पर उपलब्ध कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, कौशल प्रशिक्षण, विशेष बच्चों और वृद्धजन सेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई। क्लब की ओर से 8 नेत्र ऑपरेशन तथा 9 डायलिसिस के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

