त्योहारों पर गुरुवार को चलेंगी जोधपुर-गोरखपुर और बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेनें

WhatsApp Channel Join Now
त्योहारों पर गुरुवार को चलेंगी जोधपुर-गोरखपुर और बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेनें


जोधपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली और छठ पर्व के दौरान नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त यात्री यातयात के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से संचालित त्योहार विशेष रेलगाडिय़ों के तहत गुरुवार को जोधपुर-गोरखपुर और बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेनें रवाना होंगी।

इन रेल सेवाओं से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार त्योहारी सीजन में ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए जोधपुर मंडल से विभिन्न त्योहार स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही है।

इसी क्रम में ट्रेन संख्या 04829 जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल गुरुवार को जोधपुर से शाम 4.15 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 8.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह ट्रेन 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी। मार्ग में ट्रेन का मेड़ता रोड, डेगाना, डीडवाना, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली, मुरादाबाद, बरेली, गोंडा और बस्ती सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित है।

इसी तरह ट्रेन संख्या 04811 बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल गुरुवार को बाड़मेर से सुबह 4.15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4.10 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। इस रेलगाड़ी का संचालन 30 नवंबर तक बाड़मेर से प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को निर्धारित है। मार्ग में ट्रेन का बालोतरा, समदड़ी, लूनी, जोधपुर, मेड़ता रोड, नागौर, बीकानेर, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, बठिंडा, अंबाला और सहारनपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story