त्योहारों को देखते हुए रेलवे ने बढ़ाई संरक्षा और यात्री सुविधाओं की तैयारी
जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार को महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक हुई। आगामी त्योहारों में यात्रियों की बढ़ने वाली संख्या को देखते हुए सुरक्षित रेल संचालन, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और कवच प्रणाली से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा। स्टेशनों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यात्रियों के लिए आवश्यक अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
बैठक में रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, नियमित पेट्रोलिंग तथा विद्युत और सिग्नल उपकरणों के रखरखाव की समीक्षा की गई। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग के साथ संरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। महाप्रबंधक ने रेल संचालन में सामने आने वाली छोटी से छोटी कमी का भी समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
उदयपुर सिटी कोचिंग डिपो में रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम
बैठक में रेलवे की तकनीकी व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों की भी जानकारी दी गई। उदयपुर सिटी कोचिंग डिपो में पावर कार संख्या 196464 में रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम (आरटीएमएस) का सफलतापूर्वक कमीशन किया गया है। स्टेशनों की सिग्नलिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं। रेलवे के अनुसार इन तकनीकी उपायों से परिचालन की निगरानी और विश्वसनीयता बेहतर करने में मदद मिलेगी।
बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्य निष्पादन, पूंजीगत कार्य, रेलवे ट्रैक की फेसिंग तथा आय बढ़ाने के उपायों की भी समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य समय पर पूरा करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दिया। उन्होंने रेलकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित रेल संचालन में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

