उत्तर पश्चिम रेलवे की कार्य समीक्षा बैठक, संरक्षा और यात्री सुविधाओं पर जोर
जयपुर, 25 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रधान कार्यालय में चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों की उपस्थिति में कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संरक्षा, कार्य निष्पादन, निर्माण परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और राजस्व वृद्धि से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि बैठक में रेलवे ट्रैक फेसिंग, समपार फाटकों को बंद करने, पूंजीगत आय, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महाप्रबंधक अमिताभ ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के प्रथम दो माह में उत्तर पश्चिम रेलवे का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सामंजस्य और समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
बैठक में नई रेल लाइनों के निर्माण, दोहरीकरण, विद्युतीकरण, स्टेशन पुनर्विकास, रोड ओवर ब्रिज (आरओबी), रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी), सिग्नलिंग कार्यों तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा स्टेशन पुनर्विकास के बाद उपलब्ध वाणिज्यिक स्थलों को लीज पर देने की प्रक्रिया तथा गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। संरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सेफ्टी फेंसिंग की प्रगति, समपार फाटकों को बंद करने तथा संपर्क मार्गों में सुधार संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। यातायात सुविधाओं के विस्तार के लिए नए मेगा टर्मिनल, कोचिंग टर्मिनल, पिट लाइन और प्लेटफॉर्म विकास से संबंधित डीपीआर एवं मास्टर प्लान पर भी चर्चा हुई।
बैठक में महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यालय स्तर पर अनुमोदन संबंधी मामलों में पूर्ण सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि रेल उपभोक्ताओं को समयबद्ध और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

